November 24, 2026

स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता बढ़ाना सरकार की प्राथमिकतारू मलेंद्र राजन

इंदौरा अस्पताल में 21 लाख रुपये की अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित

विधायक मलेंद्र राजन ने किया लोकार्पण

इंदौरा, 23 नवंबर रू सिविल अस्पताल इंदौरा में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लगभग 21 लाख रुपये की अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है। विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को इस मशीन का लोकार्पण कर इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अस्पताल में ही अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध होगी तथा उन्हें जांच के लिए दूरदराज के स्वास्थ्य संस्थानों में नहीं जाना पड़ेगा।

इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इंदौरा और आसपास के क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। वर्ष 2022 में गंगथ अस्पताल में जहां केवल एक चिकित्सक सेवाएं दे रहा था, वहीं वर्तमान में यहां छह चिकित्सक तैनात हैं। इसी प्रकार सिविल अस्पताल इंदौरा में आठ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें छह विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी चिकित्सकों की नियुक्तियां की गई हैं, ताकि लोगों को घरद्वार के नजदीक बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि इंदौरा अस्पताल में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। अस्पताल में क्षय रोग की जांच के लिए भी अत्याधुनिक मशीन उपलब्ध करवाई गई है, जो आसपास के क्षेत्रों के स्वास्थ्य संस्थानों में भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं एवं उपकरणों का विस्तार किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों को घरद्वार पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी योजना तैयार कर रही है। इसके तहत बुजुर्गों के घर जाकर उनकी स्वास्थ्य जांच करने तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

उन्होंने लोगों से एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए किशोरियों को सरकार द्वारा हजारों रुपये मूल्य की एचपीवी वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान की जानकारी जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ भी दिलवाई।

*नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों की अवैध संपत्तियां होंगी जब्त*

नशे के विरुद्ध प्रदेश सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि सरकार नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कार्य कर रही है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों एवं भवनों को जब्त करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इससे पूर्व विधायक मलेंद्र राजन ने वन विभाग विश्राम गृह इंदौरा में लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत मलेन्द्र राजन ने वन विश्राम गृह इंदोरा में अधिकारियों के साथ बैठक की तथा क्षेत्र में चल रहे विकासकार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को समयबद्ध उपयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

इस अवसर पर पौंग बांध विस्थापन पुनर्वास बोर्ड सलाहकार समिति के निदेशक एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, पूर्व उपप्रधान मनोहर सिंह पिंकी, कुलदीप शर्मा कीपा, इंदौरा पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, भपू पंचायत प्रधान प्रताप सिंह, विजय कुमार, अनिल कटोच, अवतार सिंह, प्रधान रामपाल शर्मा, पूर्व प्रधान कुलवीर चंबियाल, सुरजीत कटोच, अनिल कुमार, नरेंद्र शर्मा, रणजीत कटोच, उमाकांत सिंह सूदन, एसडीएम डॉ. सुरिंदर ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, बीएमओ संदीप महाजन, एसएचओ आशीष पठानिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

kangrahp24@gmail.com

News Himachal 24 के लिए समाचार रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *