फोरलेन प्रभावित दुकानदारों के लिए बनेंगी 25 दुकानें, रामलीला कलाकारों को किया सम्मानित
शाहपुर, 21 अक्तूबर:शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत द्रमण में आयोजित दशहरा उत्सव में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि द्रमण में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी खोली जा रही है। सब्जी मंडी के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। इसके अतिरिक्त, फोरलेन निर्माण से प्रभावित दुकानदारों को राहत एवं लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यहां 25 दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि द्रमण में दशहरा उत्सव विजयादशमी के अगले दिन मनाया जाता है। उत्सव के दौरान केवल सिंह पठानिया ने रामलीला में विभिन्न किरदार निभाने वाले कलाकारों को सम्मानित कर उनकी कला एवं योगदान की सराहना की। इसके उपरांत उन्होंने रावण सहित अन्य पुतलों का दहन किया और उपस्थित लोगों को दशहरा उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला कांग्रेस महासचिव अजय बबली, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, प्रधान सुरेश, कमल कटोच, बीडीसी सदस्य आकाश, बलि राम, देवराज, उपप्रधान विकास, उपप्रधान बिंदु राणा तथा उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित बड़ी संख्या में दर्शक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
