News Update

कांगड़ा में एचपीवी टीकाकरण को लेकर जागरूकता एवं संवेदीकरण सत्र आयोजित

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 22, 2026 👁 1 week पहले

एपीवी बारे अभिभावकों को सही एवं वैज्ञानिक जानकारी दी जाए: हेमराज बैरवा

धर्मशाला, 21 अक्तूबर: जिला कांगड़ा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में एचपीवी यानि ह्यूमन पैपिलोमावायरस टीकाकरण को लेकर जागरूकता एवं संवेदीकरण सत्र आयोजित किया गया। सत्र का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में एचपीवी टीकाकरण की महत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अभियान में विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

सत्र में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. ओमेश कुमार भारती, चिकित्सा अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. विक्रम कटोच तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार के अलावा जिले के 25 सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, कक्षा आठवीं एवं नौवीं के अध्यापकों तथा पीटीए अध्यक्षों ने भाग लिया।

सत्र के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने एचपीवी टीकाकरण के महत्व, इसकी सुरक्षा एवं प्रभावशीलता तथा सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में इसकी भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतिभागियों को बताया गया कि पात्र लाभार्थियों के लिए एचपीवी टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैठक में जानकारी दी गई कि जिला कांगड़ा में अब तक 4,591 पात्र लाभार्थियों का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने विद्यालयों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी एचपीवी टीकाकरण के संबंध में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए शिक्षा विभाग, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और स्वास्थ्य विभाग के बीच प्रभावी समन्वय आवश्यक है, ताकि पात्र लाभार्थियों तक जागरूकता एवं टीकाकरण का लाभ पहुंचाया जा सके।

भ्रांतियों से बचें, नज़दीकी स्वास्थ्य संस्थान से करें सम्पर्क

उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक रील्स, अफवाहों अथवा अपुष्ट सूचनाओं से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीकाकरण संबंधी किसी भी शंका या जानकारी के लिए योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह लें तथा नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करें।

अपनी टिप्पणी दें