News Update

धानग में 45 लोगों को वितरित किए कृषि उपकरण, माधोनगर में विधायक किशोरी लाल ने सुनीं जनसमस्याएं

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 20, 2026 👁 2 weeks पहले

बैजनाथ, 19 अक्तूबर

विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के धानग गांव में आज विधायक किशोरी लाल ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के वाटरशेड विकास घटक 2.0 के अंतर्गत 45 लाभार्थियों को 13 लाख 70 हजार रुपए की लागत के कृषि उपकरण, स्प्रे पंप तथा इलेक्ट्रिक हैंड प्लेनर वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरण किसानों की कृषि संबंधी गतिविधियों को सुगम बनाने के साथ-साथ उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि कृषि उपकरणों से किसानों को खेतीबाड़ी के कार्यों में सुविधा मिलेगी, वहीं कारपेंटर का कार्य करने वाले लोगों को इलेक्ट्रिक हैंड प्लेनर से अपने काम को अधिक सरलता और कुशलता से करने में मदद मिलेगी।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, बागवानों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आर्थिकी को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का प्रयास है कि आधुनिक कृषि उपकरणों एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से किसानों की मेहनत कम हो तथा उनकी कार्यक्षमता और उत्पादन में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

इसके उपरांत विधायक किशोरी लाल ने गांव माधोनगर में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कार्य कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

होली-उतराला सड़क का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि यह सड़क बैजनाथ और भरमौर क्षेत्र को जोड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस सड़क का निर्माण क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने, पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सड़क के बैजनाथ मंडल के अंतर्गत आने वाले हिस्से का निर्माण विभिन्न चरणों में किया जा रहा है। इस सड़क के निर्माण का विषय उनके द्वारा विधानसभा में भी उठाया गया है तथा प्रदेश सरकार की ओर से इसके निर्माण के लिए बजट से धनराशि उपलब्ध करवाने की बात कही गई है।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ विवेक गुलेरिया, प्रधान धानग कृष्ण लता, उपप्रधान रोहित कपूर, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र जमवाल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़, वी के राणा, जोगिंद्र कपूर, संसार, भगवान दास तथा सुरेंद्र राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें