कल्याडा स्कूल के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा
उपमुख्य सचेतक ने कल्याडा स्कूल में जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह की अध्यक्षता की
धर्मशाला, 17 सितंबर। विधानसभा उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि विद्यार्थी खेलों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें। यह उद्गार उन्होंने आज वीरवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र, छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह के दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि खेलों का हमारे शारीरिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहता है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का वास होता है और शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए खेल गतिविधियों से जुड़े रहना अत्यंत आवश्यक है।
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विकास के सभी मानकों पर सर्वोच्च स्तर पर स्थापित करना वर्तमान प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सशक्त नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस दिशा में तीव्र गति से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीबीएसई स्कूल खोले जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। इन प्रयासों से प्रदेश में शिक्षा के स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है और विद्यार्थियों को आधुनिक एवं प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता में कलियाडा में जिले के 15 जोनों के लगभग 610 प्रतिभागी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मिलने वाली पुरस्कार राशि को रिकॉर्ड स्तर तक बढ़ाया गया है। ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पांच करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को तीन करोड़ रुपये तथा कांस्य पदक विजेताओं को दो करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हिमाचल के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने में भी मदद मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि जापान के नागोया में आयोजित होने वाले एशियन गेम्स में हिमाचल प्रदेश की चार महिला कबड्डी खिलाड़ी पुष्पा, भावना, ज्योति और रितु भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इनमें पुष्पा को भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तान चुना गया है।
केवल सिंह पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्याडा के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल परिसर में एक हैंडपंप स्थापित करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कल्याडा में जल्द ही लगभग 80 लाख रुपये की लागत से ओबीसी भवन का निर्माण भी किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजन के लिए अपनी ओर से 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इससे पहले उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकु, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, उप निदेशक उच्च शिक्षा, बीडीओ रैत, स्थानीय पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य एवं अध्यापक, छात्र-छात्राएं, प्रतिभागी खिलाड़ी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
