बैजनाथ-पपरोला बाईपास सड़क का भूमिपूजन, यातायात जाम से मिलेगी राहत : किशोरी लाल
बैजनाथ, 17 सितंबर
विधायक किशोरी लाल ने आज बैजनाथ क्षेत्र में लगभग 17 करोड़ 82 लाख रुपए की राशि से निर्मित किए जाने वाले बैजनाथ-पपरोला बाईपास सड़क के कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा आमजन को बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक ने बताया कि प्रस्तावित बाईपास सड़क की लंबाई लगभग 7 किलोमीटर होगी। यह सड़क टाशीजोंग से उतराला रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री होते हुए बैजनाथ में मुख्य सड़क से जुड़ेगी। उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा ताकि क्षेत्रवासियों को इसके लाभ शीघ्र प्राप्त हो सकें।
अपने संबोधन में विधायक किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ और पपरोला के मुख्य बाजारों में आए दिन लगने वाले यातायात जाम के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाईपास सड़क के निर्माण से दोनों बाजारों में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से आमजन को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी तथा विशेष रूप से अस्पताल जाने वाले मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल पहुंचने में होने वाली देरी कम होने से संभावित जानमाल के नुकसान को रोकने में भी सहायता मिलेगी।
विधायक ने कहा कि बैजनाथ क्षेत्र के लिए प्रस्तावित इस महत्वपूर्ण बाईपास सड़क का निर्माण प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने इस विकास कार्य का श्रेय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को देते हुए उनका तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से तथा समयबद्ध पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि बाईपास सड़क के निर्माण से बैजनाथ-पपरोला क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ स्थानीय जनता को बेहतर आवागमन सुविधा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण राजीव शर्मा, सहायक अभियंता लोक निर्माण राहुल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शशि राणा, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्षा रिचा शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अतुल चौधरी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, कार्यकर्ता कुलदीप सोनी, रमेश चड्ढा, राजकुमार कौड़ा, सुमित सत्ती, विरेंद्र जमवाल, विकास राणा, कृष्ण राणा, अशोक कुमार, रोहित जमवाल, शलभ अवस्थी, राजिंद्र राणा,मिलाप भट्ट, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी, स्थानीय जनता तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
