चिट्टा मुक्त इंदौरा के लिए सभी का सहयोग जरूरी: मलेन्द्र राजन
छिंज मेला कमेटी को 31 हजार रुपये देने की घोषणा
इंदौरा, 9 अक्तूबर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के गांव छन्नी (डमटाल) में आयोजित 59वें छिंज मेले का शुभारंभ आज विधायक मलेन्द्र राजन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मेला आयोजन समिति एवं क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए छिंज मेला कमेटी को 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।
विधायक मलेन्द्र राजन ने कहा कि छिंज मेले में कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, खेल भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। चिट्टा मुक्त इंदौरा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए परिवारों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने सभी से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले आपसी मेल-जोल बढ़ाने और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेला समितियों और स्थानीय लोगों के प्रयासों से इन परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
मलेन्द्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मेला आयोजन समिति और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए मेले के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेले के दौरान सन्नी हैदर ने कव्वाली प्रस्तुत की, जबकि अंतरराष्ट्रीय गायक सज्जन अदीब ने अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ सुरिंदर ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, थाना प्रभारी विशाल राठौर, कुलदीप शर्मा, मनोहर सिंह, विजेंद्र पठानिया, राय सिंह, लवली, छन्नी की प्रधान रेणुका कुमारी, उपप्रधान सुरेश कुमार, शेरा, अनिल भारद्वाज, केवल कृष्ण, अमन, ऋषभ, नीरज सहित मेला आयोजन समिति के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
