पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, विधायक मलेन्द्र राजन ने जनप्रतिनिधियों से किया संवाद
बेली महंता, सीरत, भदरोआ और शेखपुर पंचायतों के विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर की चर्चा
इंदौरा, 9 अक्तूबर: इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में पंचायत स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, स्थानीय समस्याओं तथा क्षेत्र की भावी विकास आवश्यकताओं को लेकर विधायक मलेन्द्र राजन ने आज वन विश्राम गृह इंदौरा में ग्राम पंचायत बेली महंता, सीरत, भदरोआ तथा शेखपुर के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संवाद किया। बैठक में संबंधित पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आवश्यक विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं विकास आवश्यकताओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों से क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के संबंध में विचार-विमर्श किया।
मलेन्द्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का फोकस हर पंचायत, गांव और मोहल्ले तक विकास पहुंचाने तथा लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देना और स्थानीय समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र लोगों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाई हैं और पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं की वास्तविक जानकारी प्राप्त होती है। जनप्रतिनिधियों के साथ इस प्रकार के संवाद से क्षेत्र की प्राथमिकताओं को निर्धारित करने तथा विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहायता मिलती है।
मलेन्द्र राजन ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों और प्राप्त सुझावों को संबंधित विभागों के समक्ष रखा जाएगा, ताकि आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।उन्होंने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा तथा जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद का सिलसिला जारी रहेगा। इसका उद्देश्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को प्राथमिकता देना, जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
