घर से ट्यूशन के लिए निकला था, अज्ञात लोगों ने किया अपहरण
16 वर्षीय लापता छात्र बदहवास हालत में मिला, टांडा में तोड़ा दम
जनता टाइम्स/कांगड़ा: जिला कांगड़ा के अंतर्गत पड़ते सोल वनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय छात्र अभिलाष (पुत्र संजय चौधरी) की रविवार सुबह टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।अभिलाष गत 27 अगस्त को शाम करीब चार बजे घर से अपर लंबागांव में ट्यूशन के लिए निकला था, लेकिन न तो वह ट्यूशन सेंटर पहुंचा और न ही देर शाम वापस लौटा। काफी तलाश के बाद परिजनों ने लंबागांव थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
अगले दिन 28 अगस्त को अपर लंबागांव के एक युवक ने घर से करीब 200 से 250 मीटर दूर पलाहनिया मोड़ के पास उसे बदहवास हालत में देखा। सोशल मीडिया पर गुमशुदगी की सूचना देखकर युवक ने पड़ोसी को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
परिजन अभिलाष को बेहद खराब हालत में जयसिंहपुर अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान अभिलाष ने पुलिस को दिए बयान में बताया था कि दो अज्ञात लोग उसे एक ट्राले में ले गए थे, जिन्होंने उसे कुछ पिलाया और बाद में छोड़ दिया। हालांकि, वह उनकी पहचान नहीं कर सका था।
परिजनों के अनुसार, इस जहरीले प्रभाव से अभिलाष के लीवर और दोनों किडनियों पर गंभीर असर पड़ा, जिसके चलते रविवार सुबह उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और विभिन्न पहलुओं से गहन जांच के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
