सरकाघाट, 03 अगस्त।
राज्य सरकार द्वारा अनुसूचित जाति के कल्याण हेतु संचालित योजनाओं, अन्य जनकल्याणकारी नीतियों एवं कार्यक्रमों, “चिट्टा मुक्त हिमाचल-नशामुक्त हिमाचल” अभियान तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सौजन्य से सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पटड़ीघाट के गांव पटड़ीघाट तथा ग्राम पंचायत खलारडू के गांव लुकाणू में विशेष प्रचार अभियान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर राधिका म्यूजिकल ग्रुप, खुडला (सरकाघाट) के लोक कलाकारों ने गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। कलाकारों ने पात्र लोगों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की भी अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति एवं अन्य पात्र वर्गों के लिए संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग तथा विधवा एवं एकल महिलाओं को प्रशिक्षण स्टाइपेंड एवं प्लेसमेंट स्टाइपेंड का प्रावधान है।
लोक कलाकारों ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी स्टार्टअप योजना सहित प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटकों एवं प्रेरक गीतों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया तथा “चिट्टा मुक्त हिमाचल-नशामुक्त हिमाचल” अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। कलाकारों ने समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर में सुधार लाने की भी अपील की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पटड़ीघाट की प्रधान व्यासा देवी, उपप्रधान रवि चंद शर्मा, वार्ड सदस्य यशवंत कुमार, बीडीसी सदस्य तथा ग्राम पंचायत खलारडू के प्रधान अशोक गुलेरिया, उपप्रधान मंगत राम, वॉर्ड सदस्य संजय कुमार, मीरा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
