2 व 3 अक्तूबर को होगा जिला स्तरीय सीर उत्सव-2026, एसडीएम अभिषेक बरवाल ने आयोजन को लेकर की बैठक
घुमारवीं, 16 सितंबर : प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 व 3 अक्तूबर को घुमारवीं में जिला स्तरीय सीर उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के दौरान विभिन्न थीम आधारित गतिविधियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी। सीर उत्सव के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर उपमंडलाधिकारी घुमारवीं अभिषेक बरवाल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय परिसर में बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम अभिषेक बरवाल ने कहा कि सीर उत्सव में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं एवं बच्चों को उत्सव से जोड़ने के उद्देश्य से लैंगिक समानता तथा स्वास्थ्य थीम पर मैराथन एवं वॉकाथॉन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त स्कूलों, कॉलेजों एवं आईटीआई में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को उत्सव से जोड़ने के लिए खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ अन्य जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सीर उत्सव के दौरान रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
एसडीएम ने कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी लोगों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर तथा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सीर उत्सव के माध्यम से नशे के विरुद्ध जागरूकता, स्वास्थ्य के प्रति सजगता तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रारंभिक स्तर पर पंचायत स्तर पर विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सीर उत्सव के दौरान अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान विभिन्न महिला मंडलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। सांस्कृतिक संध्या उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी। उन्होंने सीर उत्सव की विभिन्न गतिविधियों में एनएसएस, एनसीसी तथा स्काउट्स एवं गाइड्स के कैडेट्स की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
एसडीएम अभिषेक बरवाल ने बताया कि उत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न आयोजन समितियों का गठन कर लिया गया है, ताकि सभी गतिविधियों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करते हुए सीर उत्सव का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया जा सके।
उन्होंने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं, संगठनों तथा संबंधित सदस्यों से सीर उत्सव के सफल आयोजन में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही उत्सव के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।
बैठक के दौरान उत्सव को और अधिक आकर्षक एवं जनभागीदारीपूर्ण बनाने के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों ने विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सरकारी तथा गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
