गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई, नादौन वन परिक्षेत्र के जीहन में ट्राला छोड़कर फरार हुआ चालक
खुंडियाँ/नादौन। वन विभाग खुंडियाँ की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित लकड़ी से लदे एक ट्राला को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। ट्राला का पंजीकरण नंबर HP 36G 0584 है। वाहन में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी, जिसमें सिम्बल की लकड़ी भी शामिल पाई गई, को जब्त कर आगामी कार्रवाई के लिए वन परिक्षेत्र अधिकारी नादौन के सुपुर्द किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली कि प्रतिबंधित लकड़ी से लदा उक्त ट्राला वन परिक्षेत्र खुंडियाँ की वन बीट सिहोरवाला से होकर निकला है। सूचना मिलते ही वन विभाग खुंडियाँ की टीम ने वाहन को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तथा उसका पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान सूचना मिली कि उक्त ट्राला नादौन के रास्ते पंजाब की ओर जा रहा है।
वन विभाग की टीम पीछा करते हुए रात करीब 10 बजे नादौन वन परिक्षेत्र के अंतर्गत जीहन पहुंची। यहां ट्राला चालक ने वाहन को मुख्य सड़क से नीचे उतारकर एक लिंक रोड पर छिपा दिया और मौके से फरार हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दी। उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार वन परिक्षेत्र अधिकारी नादौन को भी सूचित किया गया।
सूचना मिलने पर वन परिक्षेत्र अधिकारी नादौन अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों वन विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से ट्राले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाहन में प्रतिबंधित लकड़ी, जिसमें सिम्बल की लकड़ी भी शामिल थी, पाई गई। लकड़ी को संयुक्त रूप से जब्त कर वन परिक्षेत्र अधिकारी नादौन की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
वन विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि ट्राले में लदी लकड़ी कहां से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान से काटा गया था। लकड़ी के स्रोत और कटान स्थल की पुष्टि होना अभी बाकी है। मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम में वन खंड अधिकारी लगड़ू श्री भूपेन्द्र सिंह, वन खंड अधिकारी खुंडियाँ श्री गुरचरण तथा वन रक्षक एवं बीट प्रभारी सियालकड़ श्री विजय कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग की इस कार्रवाई को वन संपदा की अवैध निकासी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
