सुजानपुर में विकास के नए आयाम करेंगे स्थापित: कैप्टन रंजीत



विपुल गुप्ता, सुजानपुर, न्यूज़ हिमाचल 24

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुजानपुर ने आज सुजानपुर शहर के कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन किया गया जिसमें बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा द्वारा की गई। बैठक में सुजानपुर विधानसभा के नव निर्वाचित विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने मुख्य रुप से शिरकत की। चुनावों के बाद पहली बार कार्यकर्ताओं के साथ हुई इस बैठक में कार्यकर्ताओं ने कैप्टन रंजीत सिंह का गर्म जोशी से स्वागत किया।

इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कुछ सुझाव विधायक के समक्ष रखे। ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने कहा की सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर विधायक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विधानसभा के विकास कार्यों और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे तथा कांग्रेस पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य करेंगे ताकि हम अपने विधायक और हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह के हाथ मजबूत कर सकें।

इस दौरान कैप्टन रंजीत सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया उन्होंने कहा की जितनी मेहनत से कार्यकर्ताओं ने उनको इस पद पर पहुँचाया है उतनी ही मेहनत से वह सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की राह पर आगे ले जाएंगे तथा क्षेत्र की सेवा में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

कैप्टन ने कहा की सुजानपुर की जनता को 6 महीनों के अंदर ही पूर्व विधायक और वर्तमान विधायक की कार्यशैली में अंतर का पता लग जाएगा। बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा, जिला महासचिव व वार्ड न 9 के पार्षद मनीष गुप्ता, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष वीना धीमान, अमृत आज़ाद, राजू शर्मा, संजय कुमार, अरुण मेहरा, सुरेंद्र महाजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *