प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कृत संकल्प – डॉ. शांडिल                                                       ग्राम पंचायत क्वारग में लगभग 56 लाख रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण


स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कृत संकल्प है।डॉ. शांडिल आज विकास खंड कंडाघाट की ग्राम पंचायत क्वारग में लगभग 56 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण करने के उपरांत एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।


स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम पंचायत क्वारग में 42 लाख रुपए की लागत से निर्मित पंचायत घर, देहूं में 05 लाख रुपए से निर्मित सामुदायिक हॉल, लगभग 03 लाख रुपए से निर्मित कोट से घरापड़ वाया शलाउं सम्पर्क मार्ग तथा 06 लाख रुपए से निर्मित किचन शैड क्वारग का लोकार्पण किया।उन्होंने इस अवसर पर कोट से धरापड़ वाया शलाउं मार्ग को पक्का करवाने के लिए 10 लख रुपए देने की घोषणा की।


डॉ. शांडिल ने कहा कि राज्य की 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और सरकार उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि विकास के लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग के अनुसार  चरणबद्ध तरीके से क्षेत्र का और विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गत वर्षाे में ग्राम पंचायत क्वारग में लगभग 02 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं।


सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि क्वारग में लगभग 200 करोड़ रुपए की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर दिव्यांगजन का निर्माण किया जा रहा है। इससे क्षेत्र का और अधिक विकास होगा।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों का कल्याण सुनिश्चित बना रही है।

हिमाचल प्रदेश में बेसहारा बच्चों के भविष्य को सुधारने के लिए नवीन पहल की गई है। हिमाचल, देश का ऐसा पहला राज्य है जहां सुखाश्रय योजना के तहत 06 हजार से अधिक बेसहारा बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र की मज़बूती के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही प्रदेश में 400 चिकित्सकों और 600 नर्साे के पद भरे जाएंगे ताकि विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उचित संख्या में चिकित्सा एवं पैरामेडिकल कर्मी उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या समाज में एक गंभीर समस्या के रूप में उभर रही है।

उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वह अपने बच्चों को नशे से दूर रखें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने चिट्टे के विरुद्ध व्यापक अभियान आरम्भ किया है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस अभियान में बढ़-चढ़ कर भाग लें।डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और इनके शीघ्र निपटारे के अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश ठाकुर ने भी अपने विचार रखे।


ग्राम पंचायत क्वारग की प्रधान संगीता ठाकुर, ग्राम पंचायत दंघील के प्रधान बलवीर, ग्राम पंचायत क्वारग के उप प्रधान मुकेश ठाकुर, ग्राम पंचायत दंघील के उप प्रधान सुरजीत, ग्राम पंचायत मही के उप प्रधान लायक राम ठाकुर, बीडीसी सदस्य कुंता देवी, ग्राम पंचायत क्वारग के पूर्व प्रधान ईश्वर ठाकुर, उपमंडलाधिकारी कंडाघाट गोपाल चंद शर्मा, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट राजेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading