धर्मशाला,
उपायुक्त हेम राज बैरवा ने आज यहां जानकारी देते हुए कहा कि कांगड़ा कार्निवाल के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर चिट्टा एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से निरंतर गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में फव्वारा चौक, गांधी चौक, कचहरी अड्डा तथा शीला चौक पर प्रतिदिन सांस्कृतिक दलों के माध्यम से प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया जा रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला से चिट्टा सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों को जड़से समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस तथा समाज के सभी वर्गों के समन्वित और निरंतर प्रयास सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि चिट्टे जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिमला, धर्मशाला, हमीरपुर एवं बिलासपुर में एंटी-चिट्टा रैलियों का आयोजन किया गया है, जिससे प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता का संदेश गया है।
उपायुक्त ने आगे जानकारी दी कि जिला में चिन्हित रेड जोन पंचायतों में नशा निवारण समितियों का गठन किया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर ठोस और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इन समितियों के माध्यम से निगरानी, परामर्श, पुनर्वास और जन-सहभागिता को मजबूत किया जा रहा है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.