मिलाप कौशल खुंडियां
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत राजकीय महाविद्यालय मझीण में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत मासिक धर्म स्वच्छता एवं पोषण के महत्व पर एक जागरूकता व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रेड रिबन क्लब एवं जेंडर सेंसिटाइजेशन सेल के संयुक्त तत्वावधान तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. चंदन भारद्वाज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का संचालन प्रो. आरती गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर प्राइमरी हेल्थ सेंटर मझीण से आमंत्रित सीएचओ स्मृति एवं सीएचओ नंदिका ने छात्राओं को ‘वो खास दिन’ विषय पर संबोधित किया। सी एच ओ स्मृति ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के वैज्ञानिक तरीकों, स्वच्छ सैनिटरी पैड के उपयोग, कचरे के सुरक्षित निस्तारण, संतुलित आहार एवं पोषण संबंधी आदतों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।उन्होंने पोषण के विभिन्न घटकों जैसे प्रोटीन, कैल्शियम, आयरन के विषय और उनके स्त्रोतों के बारे में बताया।

कुमारी नंदिका ने बताया कि मासिक धर्म स्वच्छता का सीधा संबंध महिला स्वास्थ्य से है और इसके प्रति जागरूकता महिलाओं के आत्मविश्वास एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देती है।उन्होंने यह भी समझाया कि मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियाँ और संकोच महिलाओं की प्रगति में बाधक हैं।
इनसे मुक्त होकर ही छात्राएँ अपनी पढ़ाई और करियर में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार एवं सशक्त समाज का निर्माण करती है। इस जागरूकता व्याख्यान में लगभग 70 छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खुलकर प्रश्न पूछे और अपने अनुभव साँझा किए।
वक्ताओं ने उनकी जिज्ञासाओं का धैर्यपूर्वक समाधान किया।यह कार्यक्रम न केवल छात्राओं के लिए ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ बल्कि उन्हें मासिक धर्म से जुड़ी झिझक एवं मिथकों से ऊपर उठकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने हेतु प्रेरित भी किया।इस व्याख्यान में डॉ सारिका,, प्रो मुक्तामनी, डॉ नीलम एवं प्रो मोहिनी भी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.