धर्मशाला,
कांगड़ा कार्निवाल 2025 के शुभारंभ से पूर्व उपायुक्त हेमराज बैरवा ने आज धर्मशाला स्थित इंद्रुनाग मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने कांगड़ा कार्निवाल के सफल, शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन की कामना की।
उपायुक्त ने 24 से 31 दिसंबर तक मौसम साफ रहने की भी प्रार्थना की, ताकि कार्निवाल के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों एवं खेल प्रतियोगिता आयोजन बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
उपायुक्त ने कहा कि कांगड़ा कार्निवाल जिले की समृद्ध लोक-संस्कृति, कला और परंपराओं को मंच प्रदान करने वाला प्रमुख उत्सव है, जो पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पियों और व्यापारियों के लिए भी नए अवसर सृजित करता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि कांगड़ा कार्निवाल 2025 जिले की सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ करेगा तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेगा।उपायुक्त ने कहा कि 24 दिसम्बर को कांगड़ा कार्निवाल का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे।
उन्होंने बताया कि शुभारंभ के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी । इसके अलावा कांगड़ा कार्निवाल के दौरान मैराथन, फुटबॉल प्रतियोगिता, लिटफेस्ट, साइकिल राइड, मिस एंड मिसेज प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। इसके साथ ही धर्मशाला के प्रमुख स्थलों पर पुलिस और होमगार्ड के बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे । इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान नामी कलाकार भाग लेंगे। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.