कुल्लू,
बुधवार को बचत भवन में ई-ऑफिस प्रणाली पर एक लाइव प्रशिक्षण एवं डेमोंस्ट्रेशन सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन की कार्यालयी कार्यप्रणाली को पेपरलेस, पारदर्शी एवं अधिक प्रभावी बनाना रहा।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान ई-जिला प्रबंधक, कुल्लू अनुज कुमार शर्मा ने ई-ऑफिस एवं हिम एक्सेस (HIM ACCESS) प्रोजेक्ट्स के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना हिमाचल प्रदेश सरकार तथा डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग, शिमला की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य डिजिटल परिवर्तन को साकार करते हुए प्रभावी, पारदर्शी और उत्तरदायी शासन व्यवस्था स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से सरकारी कार्यप्रणाली को सरल, त्वरित एवं नागरिक-केन्द्रित बनाने के लिए यह विभाग निरंतर कार्य कर रहा है, जिससे जन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और सुशासन को बढ़ावा मिल सके।

प्रशिक्षण कार्यशाला में उप निदेशक बागवानी एवं कृषि कार्यालय,जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति नियंत्रक कार्यालय,जिला सांख्यिकी कार्यालय,उपायुक्त कार्यालय और जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारी ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों के ऑनलाइन निपटान, त्वरित निर्णय प्रक्रिया, ई-नोटिंग तथा डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जिससे कार्यालयी कार्यों में समय की बचत होगी तथा कार्य निष्पादन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

यह पहल सुशासन, पारदर्शिता एवं जनसेवा वितरण में गति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन, कुल्लू द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि डिजिटल शासन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जा सके।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.