प्राकृतिक खेती से उपभोक्ताओं तक पहुँचेंगे शुद्ध एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद: केवल सिंह पठानियामुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत वितरित किए 34 लाख रुपये के चेकरक्कड़-का-बाग में आत्मा परियोजना के अंतर्गत किसान संगोष्ठी का आयोजन

धर्मशाला
कृषि विभाग द्वारा कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आतमा) परियोजना के अंतर्गत आज रक्कड़-का-बाग (रैत) में एक दिवसीय किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर  उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।


मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने किसानों की समृद्धि, स्वस्थ मिट्टी, शुद्ध उत्पाद और जलवायु अनुकूलन की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया है। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन तथा आतमा परियोजना से प्रदेश के किसान-बागवान प्राकृतिक खेती अपना रहे हैं और इसे सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने देश में पहली बार प्राकृतिक खेती से उत्पन्न अनाजों और उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया है। यह निर्णय न केवल किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि हिमाचल को देश में अग्रणी स्थान भी दिलाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्राकृतिक गेहूँ पर 60 रुपये प्रति किलोग्राम, प्राकृतिक मक्की पर 40 रुपये प्रति किलोग्राम, प्राकृतिक जौ पर 60 रुपये प्रति किलोग्राम, प्राकृतिक कच्ची हल्दी पर 90 रुपये प्रति किलोग्राम का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से किसानों को अपनी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित होगा और उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद पहुँचेंगे।केवल सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल सरकार का यह कदम प्रदेश को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने, लागत घटाने और लाभ बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा।


केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार किसानों  को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ बागवानी, डेयरी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़कर किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।


उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि गुरुवार को उन्होंने नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है और उनके साथ राज्य से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। इसके साथ ही आप्रेशन सिंदूर में शहीद हुए शाहपुर के शहीद  सूबेदार पवन सिंह जरियाल की याद में शाहपुर में एक युद्ध स्मारक बनाने की मंजूरी देने का अनुरोध किया है।


इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि रक्कड़-का-बाग में शीघ्र ही 2 हैंडपंप लगा कर पेयजल आपूर्ति को बेहतर किया जाएगा इसके साथ ही पंचायत के मुख्य मार्ग का निर्माण भी एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।इस अवसर केवल सिंह पठानिया ने किसानों को फलदार पौधे भी वितरित किए। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत 34 लाख रुपये के चेक वितरित किए।

उन्होंने 10 लाभार्थियों को गृह निर्माण के लिए 3-3 लाख रुपये तथा 2 युवाओं को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत विवाह अनुदान के 2-2 लाख रुपये के चेक वितरित किए।
कार्यक्रम में पठानिया ने अपने स्तर पर 5 स्कूलों के 118 बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए। इसके साथ हो उन्होंने शिव शक्ति महिला मंडल, ओम साईं महिला मंडल और हरि ओम महिला मंडल को 11-11 हजार रुपये के चेक दिए।


कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक डाॅ. राहुल कटोच ने मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया का स्वागत किया और कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी । उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण तकनीक, प्राकृतिक खेती के लाभ, तथा मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन से संबंधित विषयों पर जानकारी दी। साथ ही किसानों को राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं कृषि यांत्रिकीकरण, फसल बीमा योजना, सब्जी एवं फल उत्पादन प्रोत्साहन योजनाओं  के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।


कृषि विभाग ने इस अवसर पर प्राकृतिक कृषि उत्पाद भी प्रदर्शित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया की पत्नि सुगंधा पठानिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। 
इस अवसर पर  रक्कड़-का-बाग के उप प्रधान सुरेंद्र सिंह जमवाल ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में 21 हजार रुपये का चेक भेंट किया।


इस अवसर पर आतमा परियोजना की उप परियोजना निदेशक डाॅ. विशाखा पाॅल, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत आशिष, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बलवीत, उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा अजय सम्याल, बीईओ मिंटो देवी, बीएमओ कविता ठाकुर, सीडीपीओ निर्मला चैहान, उप मुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, अध्यक्ष नगर पंचायत ऊषा शर्मा, प्रधान सिहुवां अजय बबली, वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवदत शर्मा, नवनीत शर्मा, श्री बलवीर चैधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नीना ठाकुर, मेला कमेटी के प्रधान संदीप राणा तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading