ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, सरकारी योजनाओं और डिजिटल लेन-देन के प्रति किया जागरूक
ग्राम पंचायत महादेव में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की ओर से डिजिटल वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल लेन-देन और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
शिविर में बैंक अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं सहित लगभग 35 से 40 लोगों को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त उपस्थित लोगों को डिजिटल फंड ट्रांसफर, सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन और बैंकिंग सेवाओं का सही तरीके से उपयोग करने के बारे में भी बताया गया। बैंक अधिकारियों ने डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने का आह्वान किया।
शिविर में पात्र लोगों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित वित्तीय सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। महिलाओं को विभिन्न बैंकिंग योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना, लोगों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना तथा डिजिटल बैंकिंग को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना रहा।
