News Update

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जोगिंदर नगर में ‘जोश टीम’ के शुभारम्भ पर बैठक आयोजित

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 9, 2026 👁 5 hours पहले

जोगिंदर नगर, 8 अक्तूबर। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जोगिंदर नगर एसडीएम कार्यालय में ‘जोश टीम’ (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) के शुभारंभ को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने की।

इस अवसर पर एसडीएम ने जोश टीम में शामिल पांच एनसीसी कैडेट्स तथा पांच माय भारत वॉलंटियर्स को टीबी रोग के प्रति जागरूक किया। उन्होंने युवाओं से टीबी उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा आमजन को टीबी के लक्षणों, बचाव एवं समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

एसडीएम मनीश चौधरी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। युवा स्वयंसेवक और पंचायत प्रतिनिधि लोगों तक टीबी से संबंधित सही जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से हिमाचल को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को निश्चित रूप से हासिल किया जा सकता है।

इस दौरान एसडीएम ने उपस्थित सभी लोगों को टीबी मुक्त हिमाचल एवं टीबी मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई।

बैठक के उपरांत एसडीएम द्वारा टीबी मुक्त पंचायतों को प्रशस्ति पत्र एवं समृद्धि चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विकासखंड चौंतड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत ऐहजू, बदेहड़, पीपली, कोलंग, खुड्डी तथा लड़भड़ोल को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। वहीं विकासखंड दरंग के अंतर्गत ग्राम पंचायत चलाहरग को स्वर्ण तथा गुम्मा एवं बाता री बिहूं को कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।

इस प्रकार उपमंडल जोगिंदर नगर की कुल नौ पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत बनने पर सम्मानित किया गया।

बैठक में बीएमओ लड़भड़ोल डॉ. विजय कुमार, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपनी टिप्पणी दें