News Update

मुख्यमंत्री ने की जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर को राज्य स्तरीय दर्जे की घोषणा

👤 kangrahp24@gmail.com 📅 October 20, 2026 👁 47 minutes पहले

केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में चिट्टे के खिलाफ निकाली गई जन-जागरूकता रैली

सिहुवा से शाहपुर तक निकाली गई रैली में स्कूली विद्यार्थियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने लिया भाग

शाहपुर, 19 अक्तूबर: जिला स्तरीय दशहरा महोत्सव शाहपुर के उपलक्ष्य में आयोजित गतिविधियों में सोमवार को चिट्टे जैसी घातक नशे की समस्या के विरुद्ध जन जागरूकता बढ़ाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुवा से दशहरा ग्राउंड शाहपुर तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी एंटी-चिट्टा जागरूकता पदयात्रा रैली निकाली गई। उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने रैली का नेतृत्व किया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो काॅनफेरेन्स के माध्यम से बच्चों के साथ जुड़ कर उन्हे स्वयं भी चिट्टे से दूर रहने और दूसरों को भी प्रेरित करने का संदेश दिया। उन्होंने जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर को राज्य स्तरीय दर्जे की घोषणा की।

इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि चिट्टा युवाओं के भविष्य और समाज की खुशहाली के लिए गंभीर चुनौती है। इसके उन्मूलन के लिए सरकार, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और आम नागरिकों को मिलकर आगे आना होगा।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टाॅलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां सील की जा चुकी हैं। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और इसमें संलिप्त लोगों को कड़ा संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

रैली में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सिहुवा, आईटीआई शाहपुर, महाविद्यालय शाहपुर, आस पास के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देतेु हुए लोगों से इस सामाजिक बुराई के उन्मूलन में सहयोग देने का आह्वान किया।

इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रखने, नशे के अवैध कारोबार की सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

केवल सिंह पठानिया ने सभी प्रतिभागी शिक्षण संस्थायों को 21-21 हजार रूपये की राशि अपनी एछिक निधि से देने की घोषणा की।

रैली में एडवोकेट जनरल हिमाचल प्रदेश अनूप रत्न, एसडीएम डाॅ. गणेश ठाकुर, जिला कांग्रेस महासचिव अजय बबली, ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, भटियात ब्लाॅक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कँवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व शिक्षण संस्थाओं के अध्यापक शामिल हुए।

अपनी टिप्पणी दें