युवा संसद विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम: किशोरी लाल
बैजनाथ, 9 अक्तूबर।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला में 28वें युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने संसद की प्रभावशाली कार्यवाही करते हुए संसदीय प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था और सदन की कार्यप्रणाली का परिचय दिया।
विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही के विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया तथा सदन में चर्चा, विचार-विमर्श और जनहित से जुड़े विषयों पर अपनी भूमिका निभाई। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय व्यवस्था को नजदीक से समझने तथा लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में जानने का अवसर प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक, जिम्मेदार तथा कर्तव्यनिष्ठ नागरिकों का होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि संसद लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जहां देश और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के माध्यम से जनहित में निर्णय लिए जाते हैं। युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों को संसदीय परंपराओं, सदन की मर्यादा, विचारों की अभिव्यक्ति और दूसरों के विचारों का सम्मान करने की सीख मिलती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
विधायक ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और विद्यार्थियों की प्रतिभा, सकारात्मक सोच तथा रचनात्मक सहभागिता से ही एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण को गति मिल सकती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पपरोला के प्रधानाचार्य शुभकरण, राजकुमार कौड़ा सहित अध्यापकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
