जन समस्याओं के समयबद्ध निवारण और लोगों को आधारभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध – डॉ. शांडिल

चायल क्षेत्र में विद्युत उपकेन्द्र के निर्माण पर व्यय किए जा रहे 06 करोड़ रुपए

चायल में जन समस्याएं निपटाने के लिए विशेष बैठक आयोजित

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों के घर-द्वार पर जन समस्याओं के निवारण के साथ-साथ समयबद्ध आधारभूत सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. शांडिल आज सोलन ज़िला के चायल में जन समस्याओं के निपटारे के लिए आयोजित विशेष बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने बैठक के उपरांत नागरिक अस्पताल चायल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की और चिकित्सकों, पैरा मेडिकल कर्मियों एवं अन्य से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

डॉ. शांडिल ने कहा कि पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क नेटवर्क, विद्युत व्यवस्था, शिक्षा सहित कृषि, बागवानी एवं पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में चायल एवं आस-पास के गांव की समस्याओं का समयबद्ध निदान किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर ट्रांसफार्मर स्थापित करने, पुराने ट्रांसफार्मरों का स्तरोन्यन सहित वोल्टेज की समस्या के सुधार के लिए विद्युत बोर्ड को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चायल में 33/11 के.वी. क्षमता का विद्युत उपकेन्द्र स्थापित किया जा रहा है। इस पर लगभग 06 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 33 के.वी. विद्युत उच्च क्षमता लाईन का कार्य पूर्ण हो गया है।

उन्होंने कहा कि चायल क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं का बेहतर रखरखाव करने के निर्देश दिए गए हैं। यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि पुरानी योजनाओं का पुनरुद्धार किया जाए और आवश्यकतानुसार नई योजनाएं निर्मित की जाए।

डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लोगों तक आधुनिक तकनीक की पहुंच सुनिश्चित बना रही है। नागरिक अस्पताल चायल में चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल कर्मियों की नियुक्ति के साथ-साथ आधुनिक उपकरण भी स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल कण्डाघाट के कार्य को पूर्ण करने के लिए 05 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि उपलब्ध करवाई गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर सभी से आग्रह किया कि एच.पी.वी. विशेष टीकाकरण अभियान के तहत पात्र लड़कियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं ताकि लड़कियां भविष्य सरवाईकल कैंसर के खतरे से पूर्ण रूप से सुरक्षित रहें।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एचपी शिवा परियोजना के अंतर्गत चायल क्षेत्र में ब्लूबेरी फल की खेती को बढ़ावा दे रही है। गौड़ा और चायल में इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चायल क्षेत्र को बेमौसमी सब्जियों के उत्पादन के साथ-साथ पुष्प उत्पादन के लिए भी जाना जाता है। किसानों और पुष्प उत्पादकों की सुविधा के लिए अनेक प्रयास किए जा रहे हैं।

डॉ. शांडिल ने कहा कि चायल में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने का मामला प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री के ध्यान में लाया गया है।

उन्होंने इस अवसर पर लोगों की विभिन्न विभागों से सम्बन्धित समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए।

डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि शीघ्र ही प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं का निर्वाचन होना है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित व्यक्तियों का चुनाव करें ताकि गांव एवं ग्राम पंचायत के विकास के माध्यम से प्रदेश का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि गांव के विकास की नींव को मज़बूत बनाकर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाए जा सकते हैं।

बैठक में चायल क्षेत्र में सड़कों, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और बिजली से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं।

उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल चंद शर्मा ने चायल क्षेत्र में किए जा रहे विकास और योजनाओं की जानकारी दी। खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह ने नागरिक अस्पताल चायल की आवश्यकताओं और आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की जानकारी दी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के निदेशक मण्डल के सदस्य अजय वर्मा, कांग्रेस पार्टी के जितेन्द्र ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट ओम प्रकाश शर्मा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शुभम अग्रवाल, जल शक्ति विभाग के जे.ई. पियूष बंसल, आंगनवाड़ी सुपरवाइजर सुषमा शांडिल, ग्राम पंचायत चायल के पूर्व प्रधान महेश चंद कनोजिया, पूर्व प्रधान दुर्गा सिंह, इन्दर सिंह व अन्य गणमान्य व्यक्ति, पूर्व ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading