गांव के विकास में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि महत्वपूर्ण – संजय अवस्थी

दाड़लाघाट क्षेत्र में विभिन्न कार्यों पर व्यय किए जा रहे 15 करोड़ रुपए

खाता में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में सुनी जनसमस्याएं

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि गांव के विकास में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि महत्वपूर्ण हैं और आने वाले पंचायती राज संस्था निर्वाचन में योग्य, ईमानदार एवं जनहितैषी व्यक्ति का चुना जाना आवश्यक है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रौड़ी के गांव कन्सवाला जबालु से गांव खाता तक 15 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले रोगी वाहन मार्ग का शिलान्यास करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने तदोपरांत शिव मंदिर खाता में पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों के सुखद एवं सुरक्षित जीवन की कामना की।

संजय अवस्थी ने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और प्रदेश के विकास में जन-जन का सहयोग आवश्यक है। वह स्वयं यह सुनिश्चित बना रहे हैं कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का संतुलित एवं चहुंमुखी विकास हो।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश के विकास एवं जन-जन की आर्थिकी सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश सरकार ग्रामीण आर्थिकी को मज़बूत करने पर विशेष बल दे रही है। गाय व भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य तथा प्राकृतिक खेती से उगाए जाने वाली गेहूं, मक्की, अदरक व हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि किसानों व पशुपालकों की आर्थिकी को बेहतर करने में मील का पत्थर सिद्ध हो रही है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार कमज़ोर वर्गों के उत्थान के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग के छात्रों तक गुणात्मक शिक्षा सुलभ बनाने के लिए डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना आरम्भ की गई है। इस योजना के तहत प्रदेश के पात्र विद्यार्थियों को व्यावसायिक व तकनीकी शिक्षा जैसे इंजीनियरिंग, चिकित्सा, प्रबंधन, पैरा-मेडिकल फार्मेसी, नर्सिंग, विधि आदि में डिप्लोमा व डिग्री पाठ्यक्रम तथा औद्योगिक संस्थानों, बहुतकनीकी संस्थानों से तकनीकी कोर्स और मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों से पी.एच.डी. करने के लिए एक प्रतिशत ब्याज़ दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। योजना के तहत अधिकतम 20 लाख रुपए तक शिक्षा ऋण का प्रावधान किया गया है। इस योजना से गरीब वर्ग के मेधावी छात्र लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए दुकानें निर्मित की जाएंगी। इससे जहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों का सही मूल्य मिलेगा वहीं उनके उत्पादों का प्रचार-प्रसार भी होगा। उन्होंने कहा कि दाड़लाघाट में युवाओं के लिए पुस्तकालय भी निर्मित होगा ताकि युवा भविष्य की तैयारी बेहतर कर सकें।

उन्होंने कहा कि निचली नौणी के लिए पक्का मार्ग बनाने के लिए 1.29 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण कार्य प्रगति पर है। नौणी से बागा मार्ग के निर्माण कार्य पर अभी तक 61.46 लाख रुपए खर्च हुए हैं। शेष कार्य के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। दाड़लाघाट क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न कार्यों पर 15 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है।

विधायक ने महिला मण्डल जाबलु व महिला मण्डल खाता को 21-21 हजार रुपए तथा युवक मण्डल खाता को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।

संजय अवस्थी ने तदोपंरात गांव खाता के शिव मंदिर प्रांगण में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनीं तथा इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

दी सोलन ज़िला सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ सीमित के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, अम्बुजा-दाड़ला-कसलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के शंकर लाल, मोहन सिंह, कपिल ठाकुर, सुरेंद्र पाठक, अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के प्रबंधक संजय शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, उपमंडलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कांत, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेम लाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी अन्य गणमान्य व्यक्ति व ग्रामवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading