आपदा न्यूनीकरण के तहत 20.70 करोड़ के 4 प्रस्तावों पर की चर्चा

उपायुक्त ने एक सप्ताह में सभी कमियों को दूर कर पुनः प्रस्तावों को प्रस्तुत करने के दिए निर्देश

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित बैठक में जिला से राज्य आपदा न्यूनीकरण के तहत लगभग 20.70 करोड़ रुपए के 04 प्रस्तावों को भेजने को लेकर गहन चर्चा की गई।

इन 04 प्रस्तावों में लगभग 1.86 करोड़ रुपए का सुरु गांव में बाढ़ से बचाव के उपाय हेतु प्रोजेक्ट शामिल है ताकि उचित जल निकासी व्यवस्था तैयार कर गांव को बचाया जा सके और संभावित नुकसान को रोका जा सके। इसी प्रकार, इनमे 9.33 करोड़ रुपए से रामचंद्र चौक से हेनॉल्ट पब्लिक स्कूल (फेज-2) के बीच सड़कों के आसपास धंसते हुए क्षेत्र के लिए न्यूनीकरण उपाय और स्थिरीकरण की योजना भी शामिल है। इसके अतिरिक्त, इन प्रस्तावों में 9.05 करोड़ रुपए से सुन्नी में शिमला-मंडी मार्ग पर सुरक्षा और सुदृढ़ीकरण के उपाय तथा 43.94 लाख रुपए से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुफरी के भवन की रेट्रोफिटिंग का प्रस्ताव शामिल है।

उपायुक्त ने सम्बंधित अधिकारियों को इन प्रस्तावों में एक सप्ताह के भीतर सभी कमियों को दूर कर पुनः बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए ताकि इन मामलों को आगामी कार्यवाई के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजा जा सके।

***पहले भेजे 06 में से 04 प्रस्तावों को मिली मंजूरी

बैठक में बताया गया कि हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को पहले भेजे गए 06 प्रस्तावों में से 10.63 करोड़ रुपए के 02 प्रस्तावों को अनुशंसा प्राप्त हुई है जबकि 2.98 करोड़ रुपए के 02 मामलों में सैद्धांतिक मंजूरी मिली है और 16.72 करोड़ रुपए के 02 मामलों को वापस भेजा गया है ताकि उनमें जो कमियां हैं उन्हें दूर करके पुनः राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को भेजा जा सके।

इस बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी प्रोटोकॉल ज्योति राणा सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading