रक्कड़ (कांगड़ा)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी देहरा के सौजन्य से प्रागपुर के खंड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार में वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिमेंशिया एवं अल्जाइमर रोग पर एक दिवसीय जागरूकता एवं स्क्रीनिंग कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समाज में डिमेंशिया एवं अल्जाइमर जैसे गंभीर मानसिक रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को समय रहते उचित चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना रहा, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान न्यू एरा फाउंडेशन, खुंडियां की ओर से डॉ. दीक्षा ने विषय पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए डिमेंशिया के कारणों, प्रारंभिक एवं उन्नत लक्षणों, जोखिम कारकों, रोकथाम के उपायों तथा उपलब्ध उपचार पद्धतियों पर सरल और प्रभावी ढंग से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान और सही देखभाल से इस रोग की प्रगति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।

वहीं, मनोचिकित्सक डॉ. नेहा ने डिमेंशिया के निदान, प्रबंधन एवं उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और लोगों से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना अत्यंत आवश्यक है। कार्यशाला के दौरान उपस्थित लोगों की स्क्रीनिंग भी की गई, जिससे कई वरिष्ठ नागरिकों को प्रारंभिक स्तर पर ही परामर्श प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को पहाड़ी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। तहसील कल्याण अधिकारी विपुल शर्मा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.