94 वर्षीय भगवान दास शर्मा बोले—बढ़ोतरी से राहत, देरी से बढ़ती है परेशानी
प्रदीप ठाकुर
रक्कड़:(प्रदीप)30मार्च:हिमाचल में वृद्धावस्था पेंशन को 1700 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये करने का फैसला जहां सरकार के लिए सराहना बटोर रहा है, वहीं जमीनी हकीकत भी अब सामने आने लगी है गांब थाना बरग्रा के 94 वर्षीय भगवान दास शर्मा ने इस बढ़ोतरी पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया, लेकिन साथ ही एक अहम मांग भी रख दी—“पेंशन समय पर मिले, तभी असली राहत है।”
बुजुर्ग भगवान दास शर्मा के लिए यह बढ़ी हुई पेंशन किसी बड़ी मदद से कम नहीं है। उम्र के इस पड़ाव पर, जब कमाने का कोई साधन नहीं बचता, पेंशन ही जीवन की सबसे बड़ी सहारा बन जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला सराहनीय है, जिससे बुजुर्गों को आर्थिक मजबूती मिलेगी और रोजमर्रा के खर्चों में राहत आएगी।
लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू भी उतना ही गंभीर है। भगवान दास शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि अगर पेंशन समय पर न मिले, तो सारी राहत बेअसर हो जाती है। देरी होने पर दवाइयां खरीदना, जरूरी सामान लाना और रोजमर्रा के खर्च चलाना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा—
👉 “पेंशन हमारी जीवन रेखा है, इसे समय पर मिलना बेहद जरूरी है।”
क्षेत्र के अन्य बुजुर्गों की भी यही आवाज है कि बढ़ी हुई राशि स्वागत योग्य है, लेकिन नियमित और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.