घुग्गर में बुजुर्गों को लघु एवं कुटीर उद्योगों से जोड़ने के लिए 7 दिन चलेगा प्रशिक्षण
पालमपुर, 20 मार्च
बुजुर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय कार्ययोजना के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा पालमपुर के घुग्गर स्थित कालीबाड़ी मंदिर के हॉल में 7 दिवसीय आजीविका प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
इस कार्यशाला का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को लघु एवं कुटीर उद्योगों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके आत्मसम्मान को सुदृढ़ करना है। सात दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न घरेलू उत्पादों के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पालमपुर रमेश कुमार द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि संयुक्त आयुक्त नगर निगम पालमपुर रमेश कुमार ने कहा कि बुजुर्ग हमारा स्म्मान है। उनको आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और उनका आत्मसम्मान सुदृढ़ करने के लिए इस तरह की कार्यशालाएं लाभदायक होती हैं। उन्होंने स्थानीय बुजुर्गों से इस कार्यशाला का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील भी की।
उन्होंने बुजुर्गों के समाज को दिए गए योगदान और सहयोग तथा मार्गदर्शन का भी जिक्र किया और कहा कि बुजुर्गों के बिना समाज की कल्पना अधूरी है और वह समाज के आधार स्तंभ हैं। जिला विकास अधिकारी भानु प्रताप ने भी वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक तौर पर सशक्त होने की अपील की और कहा कि आधुनिक दौर में आर्थिक सश्कितकरण के साथ साथ डिजीटल साक्षरता भी अति आवश्यक है।

जिला कल्याण अधिकारी साहिल मंदला ने सभी का स्वागत किया और कार्यशाला को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी भानु प्रताप, जिला कल्याण अधिकारी साहिल मंदला तथा तहसील कल्याण अधिकारी आलोक ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.