सुंदरनगर, 7 मार्च 2025: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सुंदरनगर के जवाहर पार्क में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त मंडी रोहित राठौर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस अवसर पर मुख्यातिथि ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और लैगिंग समानता के प्रति जागरूकता फैलाना है।

उन्होंने कहा कि महिला दिवस के आयोजन का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक सहित अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सहभागिता को सुनिश्चित करना है । जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में महिला प्रोत्साहन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें म्यूजिकल चेयर, रस्साकसी, चम्मच दौड़ और मटका फोड़ आदि शामिल थी। म्यूजिकल चेयर कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में लगभग एक हजार से अधिक महिलाओं ने भाग लिया।

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के 10 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य पर विशेष हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसके माध्यम से लोगों ने शपथ ली कि वे लड़का-लड़की में भेदभाव ना करके लड़की को हर क्षेत्र में बराबर का अधिकार देंगे। मंडी जिला प्रशासन की पहल देई 2.0 के तहत एक सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किया गया था, जिसमें लोगों ने उत्साह और उत्सुकता के साथ सेल्फी खिंचवाई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें लगभग 70 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई।

इस अवसर पर महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए,जिसमें विभिन्न महिला मंडल व स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने महानाटी के माध्यम से लोगों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और नशे के विरुद्ध लड़ाई का संदेश दिया। साथ ही स्वंय सहायता समूहों ने कार्यक्रम स्थल पर फूड स्टॉल भी लगाए। स्टॉलों में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक स्थानीय व्यंजनों का विक्रय किया गया। कार्यक्रम में जिला मंडी के सभी उपमंडलों की आंगनवाड़ी सुपरवाइजर, कार्यकर्ता, सहायिका एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया।

प्रतियोगिताओं के विजेता
रस्साकसी प्रतियोगिता में आईसीडीएस करसोग ने प्रथम, आईसीडीएस धर्मपुर ने द्वितीय तथा महिला मंडल नालनी सुंदरनगर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में राम देई ने प्रथम, नरवदा ने द्वितीय, शीतल ने तृतीय और नीलम ने चौथा स्थान हासिल किया।
चम्मच दौड़ प्रतियोगिता में महिला मंडल बीणा की अनिता ने प्रथम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सदर की प्रोमिला, लोहारा महिला मंडल की मीना देवी ने तृतीय स्थान हासिल किया ।
मटका फोड़ प्रतियोगिता में शांति महिला मंडल नाल की चंचला देवी और रमना देवी, महिला मंडल चुरड की अति देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता करसोग साक्षी और कुसुम, महिला मंडल शक्ति की सरला, महिला मंडल तमरोह की पार्वती विजयी रही।

मुख्यातिथि ने सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
इस मौके पर बीडीओ सुंदरनगर विवेक चौहन, विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।