विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने देवी देवताओं की पूजा-अर्चना कर किया शुभारंभ
भड़वाहण और शीलग पंचायत में विकास कार्यों को लेकर पांच-पांच लाख की घोषणा
किरण राही/ पधर/ मंडी।
इलाका दुंधा की ग्राम पंचायत भड़वाहण स्थित प्राचीन जालपा माता मंदिर सरौणधार में बैशाखी पर्व के उपलक्ष्य में दो दिवसीय देवता मेला धूमधाम से शुरू हुआ। विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने माता जालपा भगवती सहित देव पाईदल ऋषि, देव रामपाल ब्रह्मा, देव रुपण पाल ब्रह्मा, देव टुंडी वीर और माता दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को बैशाखी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं, जो आपसी मेलजोल और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर मंडी जिला और द्रंग क्षेत्र के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि मूलभूत सुविधाओं की कमी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने क्षेत्रवासियों के हक की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया।
पूर्ण चंद ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्तासीन हुए ढाई वर्ष होने जा रहे हैं। लेकिन द्रंग क्षेत्र में विकास के नाम पर एक ईंट तक नहीं लग पाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल रही है और जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है। ऐसी निक्कमी सरकार को सत्ता से बेदखल करने का समय नजदीक आ रहा है।
उन्होंने ग्राम पंचायत भड़वाहण के लिए विभिन्न विकास कार्यों हेतु 5 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही मेले के सफल आयोजन हेतु अपनी ऐच्छिक निधि से 20 हजार रुपये देने का ऐलान भी किया।
इसके पश्चात विधायक पूर्ण चंद ठाकुर ने ग्राम पंचायत शीलग में आयोजित बैशाखी मेले में भी शिरकत की और वहां भी विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही मेले के आयोजन हेतु बीस हजार रुपये ऐच्छिक निधि से देने की घोषणा की।
इससे पहले पंचायत प्रधान जितेंद्र कमांडो और मंदिर कमेटी ने विधायक सहित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर पधर मंडल भाजपा अध्यक्ष इंद्र सिंह ठाकुर, सुरेश कटारिया, पंचायत प्रधान पन्या देवी, राजेंद्र कुमार, मनोहर लाल ठाकुर, चंदन पंडित सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
