मिलाप कौशल खुंडियां
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत पुलिस थाना खुंडियां के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी लगडू क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। युवक भारतीय सेना में कार्यरत था और इन दिनों छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को युवक ने अपने घर में ही दुपट्टे का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। जब परिजनों को घटना का पता चला तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान अभिनाश ठाकुर (24) पुत्र कुशल ठाकुर निवासी लगड़ू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि अभिनाश ठाकुर अविवाहित था और भारतीय सेना में तैनात था। उसकी अचानक मौत से परिवार और गांव में मातम छा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक के आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.