रक्कड़।।
देहरा के बनखंडी के होनहार युवा आयुष राणा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर एक साथ तीन बड़ी रक्षा सेवाओं की परीक्षाएं पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में गर्व और खुशी का माहौल है।
आयुष राणा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद 10+2 नगरोटा जम्मू से की और आगे की पढ़ाई के लिए चंडीगढ़ के डीएवी कॉलेज से बीसीए किया। इसके साथ ही उन्होंने एनसीसी का ‘सी’ सर्टिफिकेट भी हासिल किया।
आयुष के पिता वरयाम सिंह भारतीय सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता मीना राणा हैं। परिवार की प्रेरणा और समर्थन ने आयुष को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
उल्लेखनीय है कि आयुष का चयन पहले इंडियन कोस्ट गार्ड में असिस्टेंट कमांडेंट के पद पर हुआ। इसके बाद उन्होंने सीडीएस (Combined Defence Services) परीक्षा भी पास की। साथ ही उन्होंने इंडियन एयरफोर्स की एएफकैट परीक्षा के माध्यम से फ्लाइंग ब्रांच में भी चयन हासिल किया।
इन सभी उपलब्धियों के बाद अब आयुष राणा ने ओटीए चेन्नई में इंडियन आर्मी के लिए ज्वाइन कर लिया है, जो उनके समर्पण और कठिन परिश्रम का प्रतीक है।
आयुष की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों, परिजनों और मित्रों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.