नाहन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने आज अपने सिरमौर जिला के प्रवास के दौरान रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर मानसून के दौरान भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि इस वर्ष मानसून में सामान्य से अधिक बारिश होने से प्रदेश भर में जानमाल व अन्य संपत्ति को क्षति हुई है। प्रदेश सरकार द्वारा राहत व पुनर्वास कार्य के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता आधार पर बहाल किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते सिरमौर जिला में भी काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि रेणुका क्षेत्र में संगडाह उपमंडल के अन्तर्गत लगभग 1 करोड़ 80 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। नोहराधार में 7 लाख, 50 हजार, तथा हरिपुरधार में 52 लाख के नुकसान का आकलन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रभावितों को नियमानुसार अग्रिम राहत राशि प्रदान की जा चुकी है।

उन्होंने संबंधित विभागों को नुकसान का सही आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।विधानसभा उपाध्यक्ष ने इस दौरान ग्राम पंचायत गवाई में सड़क मार्ग का निरीक्षण भी किया तथा लोक निर्माण विभाग को सड़क मार्ग की मुरम्त करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत टौंड़ा में लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा समस्याओं के निराकरण के लिए उन्हें आश्वसत किया।

उपाध्यक्ष ने चोकर मडीयान में भूस्खलन से बेघर हुए परिवारों से मिले तथा उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।उपाध्यक्ष ने गांव जामल में 13 से 20 सितंबर तक चल रहे श्री मदभागवत कथा में भी भाग लिया तथा पूजा अर्चना कर कथा श्रवण किया।

Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.