यादविंद्र गोमा ने सुआं पंचायत में 26 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया लोकार्पण


जालग,


आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने आज जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुआं में लगभग 26 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन विकासात्मक कार्यों का विधिवत उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर उन्होंने सुआं में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के लिए 20 लाख रुपये की लागत से बने नव निर्मित आवासीय भवन, 3 लाख रुपये की लागत से निर्मित महिला मंडल भवन चमेडू और 3 लाख रुपये की लागत वाले सामुदायिक केंद्र सुआं के भवन का लोकार्पण किया।


इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जन सहयोग की अहम भूमिका होती है और जनता की सक्रिय भागीदारी के कारण ही आज इन कार्यों का निर्माण संभव हो पाया है।


क्षेत्र की ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए गोमा ने घोषणा की कि सुआं-भौडी सड़क की टारिंग का कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सुभाष नगर से सपेडू सड़क के टारिंग हेतु लगभग 90 लाख रुपये व्यय  किए जाएगें ।


स्थानीय लोगों की मांगों पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र के जल भंडारण टैंक (वॉटर स्टोरेज टैंक) के विस्तार के निर्देश दिए। युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंत्री ने सुआं में खेल मैदान के निर्माण हेतु 3 लाख रुपये और जरेड़ महिला मंडल भवन के लिए 1 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा  कि अगले 6 महीनों के भीतर यहां एक  वर्षा शालिका का निर्माण कर दिया जाएगा ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा हो सके। साथ ही सुआं चौक पर सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था की दृष्टि से हाई मास्क लाइट लगाने का भी आश्वासन दिया।


आयुष मंत्री ने स्पष्ट किया कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और प्रत्येक कार्य स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं और सुझावों के अनुरूप क्रियान्वित किया जा रहा है।


इस अवसर पर  जिला आयुष अधिकारी डॉ. ब्रज नंदन शर्मा, खंड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता विजय वर्मा, कांग्रेस नेता ओपी धीमान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, महिला मंडल की प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading