कंजयाण के कालेज में लगाया रक्तदान शिविर, 48 लोगों ने किया रक्तदान                                                 रैडक्रॉस सोसाइटी ने रैड रिबन क्लब और एनसीसी इकाई के सहयोग से किया आयोजन


भोरंज

रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई ने वीरवार को राजकीय डिग्री कालेज कंजयाण में रक्तदान शिविर आयोजित किया। कालेज के रैड रिबन क्लब और एनसीसी इकाई तथा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस रक्तदान शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।


शिविर का शुभारंभ करते हुए एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा ने कहा कि रक्तदान न केवल एक महान दान है, बल्कि यह मानवता की सेवा का सर्वाेत्तम माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रकार के सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करें।


उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समाज में जागरुकता फैलाने के साथ-साथ युवाओं में सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को भी मजबूत करते हैं। शशिपाल शर्मा ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।


रक्तदान शिविर में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों सहित स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया गया तथा सभी आवश्यक मानकों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण में रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न की गई।


शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और इस सराहनीय योगदान के लिए उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। महाविद्यालय प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए रैडक्रॉस सोसाइटी, चिकित्सा दल तथा सभी स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहित से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading