बिलासपुर में केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित


बिलासपुर,

केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं की विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन आज उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर में उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विद्यालय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा भावी योजनाओं की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया।


बैठक के दौरान विद्यालय भवन की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। वर्तमान में विद्यालय दो अलग-अलग स्थानों पर संचालित हो रहा है, जिसके कारण व्यवस्थागत चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। इस संदर्भ में विद्यालय के मुख्य अस्थायी भवन के मरम्मत कार्य को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संविदा शिक्षकों के चयन हेतु साक्षात्कार आयोजित करने के विषय पर भी चर्चा की गई। समिति ने आगामी सत्र में पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण प्रक्रिया के माध्यम से योग्य शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया, जिससे विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा मिल सके।


विद्यालय के दो स्थानों पर संचालन के कारण शिक्षण की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कक्षाओं में इंटरैक्टिव पैनल स्थापित करने की आवश्यकता पर विचार किया गया। समिति ने आधुनिक शिक्षण साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया, ताकि डिजिटल माध्यमों से पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


विद्यालय भवन निर्माण एवं भूमि हस्तांतरण के विषय में राज्य सरकार से केंद्रीय विद्यालय संगठन को भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने पर भी चर्चा हुई, जिससे भविष्य में विद्यालय को अपना स्थायी भवन प्राप्त हो सके और सभी गतिविधियां एक ही परिसर में संचालित की जा सकें।


बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्तावों की समीक्षा की गई तथा कक्षा प्रथम से पांचवीं तक छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने पर बल दिया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य रिंकु कुमारी ने विद्यालय से संबंधित विभिन्न समस्याएं एवं आवश्यकताएं समिति के समक्ष रखीं।इस अवसर पर एसडीएम घुमारवीं गौरव चैधरी, सीडीपीओ घुमारवीं रंजना तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading