रक्कड़ (कांगड़ा)। रक्कड़ में तहसील कल्याण के कार्यालय पर इन दिनों ताला लटका हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब चार-पांच दिन से उक्त दफ्तर बन्द पड़ा हुआ है। गौरतलब है कि तहसील कल्याण कार्यालय रक्कड़ में तहसील कल्याण अधिकारी व कनिष्ठ सहायक की नियुक्ति थी। वहीं जानकारी के मुताबिक बीते कुछ दिन पहले कल्याण अधिकारी का पद खाली हो गया है ।
वह स्थान्तरित होकर देहरा चले गए और कनिष्ठ सहायक पद पर कार्यरत कर्मचारी भी ट्रांसफर होने पर उक्त पद भी रिक्त हो गया है। चतुर्थ श्रेणी का पद भी कई वर्षों से खाली पड़ा है। आलम यह है कि इस समय कोई भी अधिकारी या कर्मचारी उक्त कार्यालय में नहीं है।

फलस्वरूप कार्यालय के बाहर ताला लटका हुआ है। इस तहसील कल्याण कार्यालय में लगभग 20 पंचायतों के सैंकड़ों लोग कार्य करवाने आते हैं। वहीं बुजुर्ग पेंशन योजना सम्बन्धित अपने पेंशन फार्म जमा करवाने पहुंच रहे हैं लेकिन कार्यालय के बाहर ताला लगा होने से उन्हें मायूस होकर वापिस लौटना पड़ रहा है।
कार्यालय के बाहर पहुंचे भगत राम, मुसदी लाल, विशंभर, रोशन लाल, केसरी देवी व जगदम्बा देवी आदि ने कहा कि वह अलोह, शांतला, पुननीं, बणी, कलोहा,सलेटी, पीरसलूही व कुहना भिन्न भिन्न पंचायतों से आए थे लेकिन यहाँ देखा कि दप्तर में ताला लटका है।
बताया गया कि सप्ताह में एक या दो दिन ही अधिकारी देहरा से आते हैं परंतु अन्य दिनों में कोई कार्य करवाना हो तो परेशानी झेलनी पड़ रही है। अगर जब तक रेगुलर अधिकारी नहीं आता तब तक जिला प्रशासन ने भी किसी की नियुक्ति अभी तक डेपुटेशन पर नहीं की है।
क्या कहते हैं अधिकारी-
उधर, जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला से बात की तो उन्होंने कहा कि तहसील कल्याण अधिकारी की ट्रांसफर हो गई है वहीं कनिष्ठ सहायक का तबादला हो गया और चतुर्थ श्रेणी के भी प्रमोशन पर चले गए मौके पर जब तक किसी के रेगुलर नियुक्ति नहीं होती है तब तक नजदीकी किसी को डेप्यूटेशन पर लगा दिया जाएगा।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.