कांगड़ा कार्निवाल की दूसरी संध्या रही बालीवुड गायक अंकित तिवारी के नाम                                                   संगीत, रोशनी और उमंग से सजी यादगार शाम, हजारों दर्शक हुए मंत्रमुग्ध                                                तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी रहे मुख्य अतिथि


धर्मशाला, 

कांगड़ा कार्निवाल 2025 की दूसरी संध्या पूरी तरह से बालीवुड संगीत के नाम रही। प्रसिद्ध बालीवुड गायक अंकित तिवारी की सजीव और भावपूर्ण गायकी ने कार्निवाल पंडाल में मौजूद हजारों दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। जैसे ही अंकित तिवारी ने मंच संभाला, पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। उनके सुपरहिट गीतों पर दर्शक झूमते नजर आए और देर रात तक संगीत का जादू छाया रहा।


इस भव्य सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश सरकार के माननीय तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कांगड़ा कार्निवाल जिला कांगड़ा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि पर्यटन को भी नई दिशा मिलती है, जिससे क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलती है।दूसरी संध्या के दौरान बाॅलीवुड संगीत के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।


इसके अतिरिक्त अन्य कलाकारों की
एनजेडसीसी द्वारा  प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और हर आयु वर्ग के लोगों ने कार्यक्रम का आनंद उठाया।


उल्लेखनीय है कि कांगड़ा कार्निवाल 2025 के अंतर्गत आगामी दिनों में भी सांस्कृतिक संध्याएं, खेल प्रतियोगिताएं, साहित्यिक आयोजन और अन्य मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनसे कार्निवाल का उत्साह लगातार बना रहेगा और कांगड़ा की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूती मिलेगी।


इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, हिमाचल कृषि बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, पूर्व महापौर   देवेंद्र जग्गी,
उपायुक्त हेम राज बैरवा, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, एडीएम शिल्पी बेक्टा, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, एडीएम शिल्पी बेक्टा, परियोजना अधिकारी डीआरडीए भानू प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading