आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निवारण करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता – विनोद सुल्तानपुरी                                                       ग्राम पंचायत भोजनगर में ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम आयोजित


कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निवारण करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। विनोद सुल्तानपुरी आज सोलन उपमंडल की ग्राम पंचायत भोजनगर में ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।


विनोद सुल्तानपुर ने कहा कि यह अभियान सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनता को उनके द्वार पर पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी सेवाएं प्रदान करना है।
विधायक ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं का समाधान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों की समस्याओं का घर-द्वार पर समाधान हो रहा है।


उन्होंने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है और इसी दृष्टिकोण से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तड़ोल मार्ग के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए शीघ्र ही भोजनगर से इलेक्ट्रॉनिक मुद्रिका बस सेवा कार्यान्वित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही नारायणी के पास पानी के बांध का निर्माण भी किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि समय-समय पर ऐसे शिविरों के आयोजन होना आवश्यक है ताकि ग्रामीण स्तर पर प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान हो सके।विधायक ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे ‘चिट्टा मुक्त प्रदेश अभियान’ के तहत शपथ भी दिलाई। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह स्वयं नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।


उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए अत्यंत घातक समस्या बनकर उभरा है। प्रदेश सरकार नशे के खात्मे के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और इस कार्य में सभी की सहभागिता आवश्यक है।विनोद सुल्तानपुरी ने विद्युत बोर्ड, जल शक्ति, लोक निर्माण, राजस्व विभाग व अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायतें सुनीं व सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।


उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के मध्य एक सेतु बनाना है। इससे जहां लोगों की समस्याओं का घर-द्वार पर निराकरण  हो रहा है वहीं लोगों की समय की  बचत भी हो रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में आज भोजनगर, बड़ोग व बोहली पटवार वृत्त के लोगों की समस्याएं सुनी गई।


कार्यक्रम में 48 इंतकाल तथा 42 विभिन्न प्रमाण पत्र बनाए गए।
इस अवसर पर 49 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुई। इनमें से अधिकतर का मौका पर निपटारा किया गया तथा शेष मांगों को सम्बन्धित विभागों को प्रेषित किया गया।


ज़िला परिषद सदस्य राजेंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत भोजनगर के प्रधान मनोज शर्मा, ग्राम पंचायत काबा कलां की प्रधान यशोदा देवी, ग्राम पंचायत भोजनगर के उप प्रधान रणजीत वर्मा, ग्राम पंचायत भोजनगर के पूर्व उप प्रधान सुभाष शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा, खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर डॉ. परविंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading