धर्मशाला,
तेजस क्रैश में शहीद हुए पायलट फ़्लाइट लेफ्टिनेंट नमांश स्याल का पार्थिव शरीर आज उनके पैतृक गाँव पटियालकर पहुंचा, जहाँ क्षेत्रभर के लोग नम आँखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने पहुंचे।

इस अवसर पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, पर्यटन निगम के अध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली, हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा, देहरा के पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी, एसडीएम मनीष शर्मा, पूर्व मंत्री विपिन सिंह परमार, पूर्व विधायक अरुण मेहरा, तथा भारतीय सेना और वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद पायलट नमांश स्याल को उनके गाँव पटियालकर में पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

शहीद के पार्थिव शरीर के गाँव पहुँचने पर सम्पूर्ण क्षेत्र शोक और गर्व की भावना से भर उठा। उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सैन्य अधिकारियों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शहीद पायलट नमांश स्याल का बलिदान राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।

माननीय मंत्री यादविंद्र गोमा, उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, पर्यटन निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली, परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, तथा उपायुक्त हेमराज बैरवा गगल हवाई अड्डे पर भी मौजूद रहे और परिवार को इस दुख की घड़ी में ढाढ़स बंधाया।शहीद के पार्थिव शरीर का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।मुखाग्नि उनके ताया के पुत्र निशांत ने दी।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.