नगर परिषद सुंदरनगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छ सर्वेक्षण पर क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित


सुंदरनगर,


अखिल भारतीय स्थानीय स्वशासन संस्थान (ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट – AIILSG) द्वारा नगर परिषद सुंदरनगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छ सर्वेक्षण विषय पर आधारित एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारियों, स्वच्छता पर्यवेक्षकों, सफाई कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूहों, नागरिक प्रतिनिधियों सहित 60 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।


कार्यक्रम का उद्देश्य नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करना तथा आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना रहा।


प्रशिक्षण सत्रों का संचालन ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में 30 वर्षों से अधिक अनुभव रखने वाले वरिष्ठ विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री प्रवीण भारद्वाज एवं डॉ. केतना अतुल मातकर द्वारा किया गया। दोनों विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान करते हुए घर-घर कचरा पृथक्करण, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक संग्रहण, गीले कचरे से खाद निर्माण, सूखे कचरे का पुनर्चक्रण, प्लास्टिक कचरे के सुरक्षित निपटान तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग में कमी जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।


डॉ. केतना अतुल मातकर ने गीला कचरा हरे तथा सूखा कचरा नीले डस्टबिन में डालने की आवश्यकता पर बल देते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। वहीं श्री प्रवीण भारद्वाज ने स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न घटकों पर प्रकाश डालते हुए नगर परिषद सुंदरनगर के लिए व्यावहारिक सुझाव साझा किए।
इस क्षमता निर्माण कार्यक्रम से प्रतिभागियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा सुंदरनगर को स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल नगर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading