02 अक्तूबर, 2025 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती समारोह के आयोजन के लिए की जाने वाली तैयारियों के संबंध में आज यहां बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने की।
उन्होंने विभिन्न विभागों को कार्यक्रम की सफलता के लिए समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 02 अक्तूबर को कार्यक्रम प्रातः 6 बजे प्रभात फेरी से आरम्भ होगा, जोकि लाल बहादुर शास्त्री चौक केंद्रीय तारघर से लोअर बाजार तथा शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट होती हुई निकाली जाएगी, जिसका विसर्जन रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के पास होगा।

उन्होंने बताया कि प्रभात फेरी में विभिन्न समुदायों व संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। इसके अतिरिक्त, स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और स्टाफ के सदस्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा नेहरू युवा केंद्र के स्वयसेवी भी इस समारोह में विशेष रूप से भाग लेंगे।
इसके उपरांत प्रातः 9 बजे रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी जी की प्रतिमा एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पण कार्यक्रम तथा भजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी के शिमला आगमन के संबंध में छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन भी कार्यक्रम स्थल पर किया जाएगा।
बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा, एसडीएम शिमला शहरी ओशिन शर्मा, सहायक आयुक्त देवी चंद ठाकुर, डीएसपी विजय रघुवंशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.