मिड डे मील के तहत खंड स्तरीय खाना पकाने की प्रतियोगिता सम्पन्न

बैजनाथ,

मिनी सचिवालय स्थित शिक्षा खंड कार्यालय बैजनाथ में आज मिड डे मील के तहत खंड स्तरीय खाना पकाने की प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में  10 विद्यालयों की मिड डे मील कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध करवाना तथा कार्यकर्ताओं में खाना पकाने की विधियों एवं प्रस्तुतिकरण में उत्कृष्टता लाना रहा।


प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों द्वारा राजमाह, सफेद चने, दाल चना माह, कढ़ी पकौड़ा, पंचरत्नी दाल, खट्टा काले चने, सांभर, आलू न्यूट्री, जीरा चावल, खीर एवं मीठे चावल जैसे व्यंजन तैयार किए गए, जिन्हें निर्णायक मंडल द्वारा परखा गया।


इस अवसर पर कार्यक्रम में मुनीष आनंद मुख्य अध्यापक एवं प्राथमिक स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मिड डे मील योजना बच्चों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा से सीधा जुड़ा हुआ है। यदि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन प्राप्त होगा तो उनकी पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी और शारीरिक विकास भी बेहतर होगा।

  उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं में नई प्रेरणा एवं कार्यकुशलता का विकास होता है एवं इस प्रकार की प्रतियोगिताएं भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित की जानी चाहिए ताकि अधिक से अधिक वर्करों को प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन मिल सके।


खंड प्राथमिक शिक्षा कार्यालय के मिड डे मील इंचार्ज मुनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि खंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने से पूर्व मिड-डे मील कार्यकर्ताओं द्वारा बनाए गए भोजन की विद्यालय स्तर पर जांच की गई। जांच के दौरान निर्धारित मापदंडों के आधार पर योग्य पाए गए प्रतिभागियों का ही चयन खंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।


मुख्य अतिथि द्वारा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वर्करों को सम्मानित भी किया गया। प्रतियोगिता में राजकीय प्राथमिक स्कूल कुंसल से सुमन कुमारी ने प्रथम स्थान, राजकीय प्राथमिक विद्यालय उतराला से चंपा देवी ने द्वितीय स्थान तथा राजकीय प्राथमिक स्कूल धानग से गुड्डी देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।


इस अवसर पर खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद, खंड प्राथमिक शिक्षा के अधीक्षक विनय मेहता, संजीव राणा, रमेश चंद, मीना कुमारी, वीना देवी, दिनेश सूद, मुनीष कुमार, दीपक चौहान, तेजेंद्र कपूर सहित समस्त विद्यालयों के अध्यापक एवं शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading