मिलाप कौशल खुंडियां
राजकीय महाविद्यालय मझीण में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में महाविद्यालय में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. चंदन भारद्वाज के सक्षम मार्गदर्शन तथा हिंदी विभागाध्यक्ष डाॅ. सारिका के कुशल संयोजन में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता, सृजनशीलता तथा अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना था। विद्यार्थियों ने “हिंदी एवं इसका महत्व” विषय पर आकर्षक एवं विचारोत्तेजक पोस्टर बनाये। प्रतियोगिता में प्रस्तुत पोस्टरों ने न केवल हिंदी भाषा की गरिमा और उपयोगिता को रेखांकित किया, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता और कलात्मक दृष्टि का भी परिचय दिया।

प्रतियोगिता के मूल्यांकन हेतु निर्णायक मंडल में प्रो. आरती गुप्ता, प्रो. मुक्तामणि तथा डाॅ. नीलम शामिल रहीं। निर्णायकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं तथा हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
परिणाम घोषणा में बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा काजल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता में बाज़ी मारी। बी.ए. द्वितीय वर्ष की नेहा तथा बी.ए. तृतीय वर्ष की तमन्ना ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि ईशु पंत को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।कार्यक्रम के समापन पर निर्णायकों ने विजेताओं एवं सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के संवर्धन एवं सृजनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.