शाहपुर के लाल साहिल चौधरी बने लेफ्टिनेंट – विधायक केवल सिंह पठानिया ने घर पहुंचकर किया सम्मानित



शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भैरू, पंचायत नेरटी निवासी साहिल चौधरी, सुपुत्र श्री ओम राज चौधरी, ने सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया है। भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण पूर्ण कर जब वे अपने गांव लौटे, तो समूचे क्षेत्र में गर्व और हर्ष का वातावरण बना।


उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया स्वयं साहिल चौधरी के घर पहुंचे और उन्हें तथा उनके माता-पिता को शॉल एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया। विधायक ने लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


विधायक पठानिया ने कहा कि साहिल चौधरी की यह सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने साधन-संपन्न न होते हुए भी कठिन परिश्रम, समर्पण और लगन से सीडीएस जैसी कठिन परीक्षा उत्तीर्ण की और सेना में अधिकारी बनकर प्रदेश का नाम रोशन किया।


उन्होंने बताया कि साहिल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय प्राथमिक स्कूल भैरू, राजकीय उच्च विद्यालय नेरटी और इरा प्राइवेट स्कूल से प्राप्त की। उनके निरंतर प्रयासों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया।


विधायक ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी साहिल चौधरी से प्रेरणा लेकर लक्ष्य निर्धारण करें और कठिन परिश्रम से सफलता की ऊँचाइयों को छूने का प्रयास करें।
इस अवसर पर ओबीसी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, पूर्व प्रधान अजय चौधरी,शेर सिंह चौधरी, सुभाष चंद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने साहिल को हार्दिक बधाई दी।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading