ऊना,
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को ऊना जिले के नारी स्थित डेरा बाबा श्री रुद्रानंद आश्रम पहुंचकर ब्रह्मलीन वेदांताचार्य स्वामी श्री सुग्रीवानंद जी महाराज के प्रथम वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम में भाग लिया तथा श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उन्होंने पूज्य संत की आध्यात्मिक विरासत को स्मरण करते हुए कहा कि स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज तप, त्याग और साधना की सजीव प्रतिमूर्ति थे।

उनका समूचा जीवन लोककल्याण और आध्यात्मिक उत्थान को समर्पित रहा, जो समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
उपमुख्यमंत्री ने आश्रम के अधिष्ठाता स्वामी हेमानंद जी महाराज के गद्दीनशीनी समारोह में भी सहभागिता की तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वामी हेमानंद जी महाराज के मार्गदर्शन में आश्रम आध्यात्मिक चेतना, सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को नई दिशा और ऊंचाइयां प्रदान करेगा।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि स्वामी सुग्रीवानंद जी महाराज चारों वेदों के प्रकाण्ड ज्ञाता और विरले संत थे। उनके ब्रह्मलीन होने पर समूचा प्रदेश शोकाकुल हो उठा था। उनके सम्मान में राजकीय आदर के साथ अंतिम संस्कार सम्पन्न किया गया तथा ऊना जिले में अवकाश घोषित किया गया, जो उनके प्रति सरकार और समाज की गहरी श्रद्धा का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि संत परंपरा भारतीय संस्कृति की आधारशिला है, जो समाज को नैतिक मूल्यों, सेवा भावना और सद्भाव का मार्ग प्रशस्त करती है। हिमाचल देवभूमि है और प्रदेश सरकार धार्मिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं के संरक्षण तथा सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष देशराज गौतम सहित धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र की अनेक गणमान्य हस्तियां तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.