मंडी सदर के बिनोल क्लस्टर में मौसम्बी पौधारोपण अभियान का शुभारंभ

मंडी,

हिमाचल प्रदेश उपोष्ण कटिबंधीय बागवानी परियोजना (एचपी शिवा) के  अंतर्गत आज मंडी सदर के बिनोल क्लस्टर में उद्यान विभाग द्वारा क्लस्टर विस्तार हेतु मौसम्बी पौधारोपण अभियान का  विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संयुक्त निदेशक उद्यान, मध्यक्षेत्र मंडी डॉ. वी.पी. बैन्स ने की।


उन्होंने बताया कि यह क्लस्टर वर्ष 2021 में प्रदर्शन क्लस्टर के रूप में लगभग 1 हैक्टेयर में स्थापित किया गया था। इस वर्ष क्लस्टर के विस्तार के अंतर्गत लगभग 7 हेक्टेयर क्षेत्र में 7,777 मौसम्बी के पौधों का रोपण किया जा रहा है। इस कार्य को शीघ्र ही इसी माह पूरा किया जाएगा।

इससे क्लस्टर के बागवानों को आय सुदृढ़ करने का बेहतर साधन प्राप्त होगा और क्षेत्र की बागवानी गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। इसमें विभाग द्वारा एक लाख लीटर का एमडीटी टैंक और 50000 लीटर का मॉड्यूलर टैंक सिंचाई व्यवस्था हेतु और टपक सिंचाई को सुचारू रूप से चलाने हेतु बनवाया गया है।

साथ ही इसमें पौधों की सुरक्षा हेतु 7 हेक्टेयर एरिया में सोलर फेंसिंग एवं बाड़ बंदी क्लस्टर की  करवाई गई है।पौधों की आपूर्ति के लिए विभिन्न नर्सरियों से उच्च गुणवत्ता के पौधे मंगवाए गए हैं, जिनमें पंजाब और जैन इरिगेशन, जलगांव से प्राप्त पौधे भी शामिल हैं। इन पौधों को क्लस्टर के बागवानों में वितरित किया जा रहा है। यह पहल यहां के ग्रामीणों को आर्थिक दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने और क्षेत्र को बागवानी के क्षेत्र में सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


इस अवसर पर डॉ वी.पी. बैंस एवं डॉ. संजय गुप्ता ने बागवानों को पौधारोपण की तकनीक, पौधों की देखभाल, सिंचाई प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उद्यान विभाग की अन्य योजनाओं एवं परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।


कार्यक्रम में लगभग 50 बागवान शामिल हुए, जिन्हें इस परियोजना के अंतर्गत बागवानी विकास हेतु लाभान्वित किया जा रहा है।इस अवसर पर डॉ. संजय गुप्ता उपनिदेशक उद्यान जिला मंडी, डॉ. राजेश शर्मा जिला समन्वयक सुंदरनगर, डॉ. राकेश राणा विषय विषयवाद विशेषज्ञ उद्यान सदर, डॉ. शिक्षा उद्यान विकास अधिकारी सदर, क्लस्टर प्रधान बिनोल, सीएचपीएमए की टीम एवं क्लस्टर के सभी बागवान उपस्थित रहे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading