मिलाप कौशल खुंडियां
राजकीय स्नातक महाविद्यालय मझीण में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रमों के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता विषयों पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सारिका के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महिला शिकायत निवारण समिति एवं सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा करवाया गया।
इस अवसर पर पुलिस थाना मझीण से एएसआई राकेश कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ एचएएसआई विक्रम सिंह एवं राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।व्याख्यान के दौरान एएसआई राकेश कुमार ने घरेलू हिंसा के विरुद्ध महिलाओं के अधिकारों, कानूनी प्रावधानों तथा सहायता के उपलब्ध साधनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की सलाह दी। इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा के नियमों, यातायात संकेतों के पालन तथा हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वासी बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्राध्यापकगण एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर प्रो आरती गुप्ता, डॉ मुक्तामनी डॉ नीलम, प्रो मोहिनी एवं प्रो लक्की भी उपस्थित रहे।अंत में प्रो आरती गुप्ता द्वारा पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया गया।
Discover more from Newshimachal24
Subscribe to get the latest posts sent to your email.