राजस्व मंत्री ने किन्नौर जिला के पूह क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के अधिकारियों को निर्देश दिए                                                        पूह ब्लॉक कांग्रेस समिति की बैठक की अध्यक्षता की, और भाजपा के भ्रामक प्रचार का विरोध करने को कहा

रिकांगपिओ      
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत पूह में आम लोगों की जन समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को प्राप्त हुई सभी उचित मांगों का चरणबद्ध ढंग से निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान हिमाचल सरकार प्रदेश सहित जनजातीय क्षेत्रों के लोगों के उत्थान व कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव जनजातीय व वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है और वंचित वर्गों की हितैषी रही है।


राजस्व मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार निर्धन, भूमिहीन व उपेक्षित वर्गों के उत्थान व कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही और वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत लोगों को जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से वन अधिकार अधिनियम-2006 का लाभ उठाने के लिए आगे आने को कहा।


इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ने नौ तोड़ अधिनियम 1968, स्वर्गीय श्री राजीव गांधी द्वारा लाए गए 73वीं पंचायती राज अधिनियम जिससे महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्राप्त हुआ, मनरेगा एक्ट 2005 जिससे ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों के पलायन में अंकुश लगा व सूचना का अधिकार 2005 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की और कहा कि कांग्रेस सरकार आम जनता की सरकार है जिसने सदैव लोगों के हितों की रक्षा की है और उपेक्षित वर्गों के साथ मजबूती के साथ खड़ी रही है।


राजस्व मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं तथा राज्य के राहत मैन्युअल में संशोधन कर मुआवजे की राशि में बढ़ोतरी की गई है, जो प्रदेश सरकार की प्रभावितों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है ताकि आपदाग्रस्त परिवारों को राहत मिल सके। इसके अलावा प्रभावितों को मूलभूल सुविधाएं उपलब्ध भी करवाई जा रही है।


इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने पूह ब्लॉक कांग्रेस समिति की बैठक को अध्यक्षता की और पूह ब्लॉक में कांग्रेस द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा मांगा।बागवानी मंत्री ने कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि वे भाजपा के भ्रामक प्रचार का विरोध करें और वर्तमान राज्य सरकार की कल्याणकारी और समावेशी योजनाओं का बूथ स्तर पर प्रचार-प्रसार करें ताकि ग्रामीण लोगों को इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और उन्होंने दोहराया कि वर्तमान प्रदेश सरकार दलगत राजनीति एवं प्रतिशोध की भावना से कार्य नहीं करती है प्रदेश के हर वर्ग व क्षेत्र के कल्याण के लिए प्रयास कर रही है।


बैठक की कार्यवाही का संचालन सुशील साना ने किया और कैबिनेट मंत्री को पूह ब्लॉक कांग्रेस समिति की गतिविधियों से अवगत करवाया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस समिति के अध्यक्ष प्रेम नेगी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी गण व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Discover more from Newshimachal24

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from Newshimachal24

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading